हल्द्वानी। नगर निगम में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती हो गई है। देहरादून स्थित दून अस्पताल से तबादला होकर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारी ने मंगलवार को नगर निगम में कार्यभार संभाल लिया है। स्थायी नगर स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती होने से अब नगर निगम में सफाई, दवाओं का छिड़काव और दूसरी जनसमस्याएं दूर हो सकेंगी।
स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर वीके सक्सेना का बागेश्वर तबादला होने के बाद काठगोदाम स्थित स्टेट एलोपैथिक डिस्पेंसरी के प्रभारी डाक्टर गिरीश कांडपाल को नगर निगम में स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। गिरीश कांडपाल के पास जेल स्थित डिस्पेंसरी का भी कार्यभार था। डाक्टर कांडपाल के पास तीन अलग-अलग महत्वपूर्ण कार्यभार होने से पिछले दो महीनों से नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा था। मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला और मुख्य नगर अधिकारी आरडी पालीवाल ने नगर निगम में स्थायी स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती के लिए शासन से पत्राचार किया था। इसके बाद अब शासन ने नगर निगम में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी तुहिन कुमार की तैनाती कर दी है। तुहिन कुमार दून अस्पताल से तबादला होकर पहुंचे हैं। अस्थायी कार्यभार संभाल रहे डाक्टर गिरीश कांडपाल को बेस अस्पताल स्थित क्षय रोग विभाग में तैनात कर दिया है। मंगलवार को डाक्टर तुहिन कुमार ने कार्यभार संभालते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की बैठक ली। तुहिन कुमार ने कहा कि बरसात के सीजन को देखते हुए क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। प्रत्येक वार्ड में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।