हल्द्वानी। उत्तराखंड के आपदा से बॉलीवुड भी आहत है। ट्विटर पर अमिताभ बच्चन ने पीड़ितों की मदद में जुटी सेना को सलाम किया है। बॉलीवुड के कई अन्य अभिनेता, फिल्म निर्देशकों और गायकों ने भी आपदा पीड़ितों के लिए प्रार्थना की है। हालांकि, आर्थिक रूप से सशक्त इस इंडस्ट्री की तरफ से अब तक किसी तरह की मदद की पहल नहीं हुई है।
शताब्दी के नायक अमिताभ ने ट्विट किया है कि यह प्रार्थना करने का समय है, उनके लिए जो उत्तराखंड की बाढ़ से जूझ रहे हैं। कई लापता हैं कई जान गवां चुके हैं। सेना के जवान जो काम कर रहे हैं उसकी कोई तुलना नहीं है। मैं इन जांबाजों को सलाम करता हूं। शाहरुख खान ने ट्विट किया है कि ‘प्रकृति के कोप के आगे हम कुछ नहीं हैं। मैं इस कोप से जूझ रहे उत्तराखंड के लिए प्रार्थना करता हूं। मेरा अल्लाह उन्हें सुरक्षित रखे और इस आफत से लड़ने की ताकत दे’।
फिल्म निर्देशक जावेद अख्तर ने उत्तराखंड में आई आपदा के लिए बड़े बांधों और यहां हो रहे कथित विकास को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जो हुआ वह देश के लिए त्रासदी है। अत्यधिक बांधों और कथित विकास के खिलाफ यह पर्यावरण की चेतावनी भर है। फिल्म निर्देशक ओनीर ने ट्विट किया है कि सरकार और हम सबके लिए यह सोचने का समय है कि हम प्रकृति पर लगातार हमले करेंगे तो वह कैसे पीछे हटेगी। सेना ने आपदा पीड़ितों का बचाने के लिए काबिले तारीफ काम किया है। एक राष्ट्र के लोग होने के नाते हम सबको एक होकर पीड़ितों की मदद करनी होगी। उन लोगों के घर बसाने में मदद करनी होगी, जिन्होंने इस आपदा की मार झेली है। हालांकि बॉलीवुड की तरफ से अभी तक किसी भी अभिनेता ने आर्थिक रूप से मदद देने की बात नहीं की है।