हल्द्वानी। धनतेरस पर आज बाजारों में लक्ष्मी मेहरबान रही। पूरा शहर खरीददारी के लिए बाजार में उमड़ पड़ा। बर्तन, सर्राफा और इलेक्ट्रानिक बाजारों में पैर रखने को जगह नहीं थी। इलेक्ट्रानिक की दुकानों में स्टाक खत्म हो गया। कमोवेश वाहनों के शोरूम में भी यही स्थिति रही। मारुति आल्टो 800 का अपराह्न तक स्टाक खत्म हो गया। दूसरे वाहनों के शोरूम में भी ग्राहकों को उनकी मनपसंद कार, मॉडल और कलर नहीं मिले।
धनतेरस पर खरीददारी शुभ मानी जाती है। ग्राहक सोने और चांदी के अलावा दूसरे धातुओं के बर्तनों की खरीददारी करते हैं। त्योहार को लेकर हल्द्वानी का बाजार ग्राहकों के इंतजार में शनिवार शाम ही दुल्हन की तरह सजा था। बर्तन बाजार, सर्राफा बाजार, रेलवे बाजार, सदर बाजार, कारखाना बाजार, पटेल चौक और मीरा मार्ग के बाजार ग्राहकों से ठसाठस था। बाजारों में सुबह दस बजे से खरीददारी शुरू हो गई और देर रात तक यह सिलसिला चलता रहा।
धनतेरस पर किचन अप्लायंसेस की रिकार्ड खरीददारी हुई। बर्तन बाजार ग्राहकों से पैक रहा। ग्राहकों ने सगुन के लिए जरूरत के बर्तनों की खरीद की। बाजार में इस साल इंडेक्शन चूल्हे की मांग अधिक रही। बर्तन व्यापारी राजीव अग्रवाल और गुरविंदर सिंह चड्डा ने बताया कि बर्तन बाजार का कारोबार उम्मीदों से अधिक रहा। सर्राफा बाजार में भी धूम रही। सोने की कीमतों की स्थिरता होने से ग्राहकों ने बतौर निवेश सोने के सिक्कों से लेकर आभूषण खरीद की। श्री गुरु ज्वैलर्स के प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि धनतेरस पर 24 कैरेट सोना 32250 रुपये और चांदी 62000 रुपये किलो बिकी। बतौर सगुन ग्राहकों में भगवानों की मूर्ति फ्रेम खरीदने का क्रेज अधिक दिखा। सर्राफा व्यवसायी दिगंबर वर्मा ने बताया कि बाजार की महंगाई के बावजूद ग्राहकों ने हाथ खोलकर सोने पर निवेश किया।
इलेक्ट्रानिक बाजार में बंपर कारोबार रहा। अधिकतर शोरूम में अपराह्न तक स्टाक खत्म हो गया। जीवी परिवार के सीईओ विमल सेठी ने बताया कि इस बार प्लाज्मा और एलईडी का जबर्दस्त मार्केट रहा। सैमसैंग ने इलेक्ट्रानिक उत्पादों में ग्राहकों को कम कीमत में बेहतर क्वालिटी दी। सैमसैंग के उत्पाद खरीदने ग्राहक उमड़ पड़े और दोपहर तक स्टाक खत्म हो गया। दूसरी कंपनियों के इलेक्ट्र्रानिक उत्पादों की भी रिकार्ड बिक्री हुई। विमल सेठी के मुताबिक धनतेरस पर कुमाऊं में इलेक्ट्रानिक उत्पादाें का करीब 17 करोड़ का कारोबार रहा। इसमें 10 करोड़ अकेले जीवी परिवार का था।
वाहनों के शोरूम भी ग्राहकों से गुलजार रहे। मारुति के अधिकृत डीलर नैनीताल मोटर्स के सीईओ भूपेश अग्रवाल के मुताबिक धनतेरस पर हल्द्वानी की सड़कों पर सभी कंपनियों की 500 से अधिक कारें उतरी। इनमें 250 कारें मारुति की हैं। भूपेश अग्रवाल ने बताया कि मारुति आल्टो 800 की रिकार्ड बिक्री हुई और स्टाक खत्म हो गया। ग्राहकाें को स्वीफ्ट, डिजायर और बैगनआर के मनपसंद मॉडल और कलर नहीं मिल सके। चैनल मोटर्स के एमडी आयुष खन्ना के मुताबिक सकोडा की 27 कारें और सेवरले की 33 कारों की धनतेरस पर बिक्री हुई। दोपहिया वाहनों के शोरूम में भी रौनक दिखी। अनुमान के मुताबिक धनतेरस पर हल्द्वानी में 1200 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। बरेली रोड स्थित होंडा कंपनी के शोरूम में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। डीलर विजय चौहान ने बताया कि स्कूटी की मारामारी रही। अग्रिम बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को तक डिलीवरी नहीं हो सकी।