रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार को पूरा हो गया है। अब बोर्ड ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षाफल को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जून प्रथम सप्ताह तक परीक्षाफल घोषित होने की उम्मीद है।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं तीन से 27 मार्च तक हुईं थीं। इसमें करीब ढाई लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव के चलते मूल्यांकन कार्य पिछड़ गया था। आखिरकार 20 अप्रैल से शुरू मूल्यांकन चार मई को समाप्त हुआ। इसके लिए प्रदेश में बने 30 मूल्यांकन केंद्रों पर छह हजार शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षा की करीब 18 लाख कॉपियां जांचीं। अब बोर्ड परीक्षाफल बनाने की तैयारियों में जुट गया है। बोर्ड की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि अब परीक्षाफल तैयार किया जा रहा है। हर परीक्षार्थी के प्राप्तांकों की डाटा फीडिंग के बाद टॉपरों की मेरिट लिस्ट बनेगी। इसमें माहभर का समय लगता है। इसलिए मई के अंतिम सप्ताह या जून के प्रथम सप्ताह में परीक्षाफल घोषित होने की उम्मीद है।
जून प्रथम सप्ताह में घोषित होगा परीक्षाफल
मूल्यांकन कार्य समाप्त, परीक्षाफल बनाने में जुटे