हल्द्वानी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद मुखानी चौराहे पर दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। शुक्रवार को दिन भर चले अभियान में 12 पक्के मकानों को जेसीबी से ढहाया गया, जबकि कई लोगों ने खुद ही अतिक्रमण तोड़े। डीएम विनोद कुमार सुमन ने अभियान का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
शुक्रवार सुबह ही एडीएम हरवीर सिंह और नवनियुक्त नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह के नेतृत्व कई विभागों के अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। दूसरे दिन अभियान का फोकस मुखानी की ओर जाने वाली सड़क रही। इस दौरान फुटपाथ पर आए छज्जों के अलावा पक्की सीढ़ी और अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों के आगे के हिस्सों को जेसीबी और हथौड़े से तोड़ा गया। डीएम सुमन ने कहा कि सरकारी कार्य में अवरोध पैदा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम हरवीर सिंह ने बताया कि मुखानी चौराहे से निकलने वाली चारों सड़कों को दो सौ मीटर के दायरे में नौ-नौ मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस दौरान नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया, सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एचएस रावत, लालकुआं के सीओ राजीव मोहन सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद थी।
दूसरे दिन भी गरजी जेसीबी, चला हथौड़ा
मुखानी चौराहा : 12 पक्के निर्माण तोड़े, डीएम ने मौका मुआयना कर अफसरों को जारी किए निर्देश
मुखानी जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया
अभियान के दूसरे दिन चौराहे से मुखानी की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग रास्तों से डायवर्ट किया गया। इस काम के लिए सड़क के दोनों ओर पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। स्कूली बच्चों की सुविधा को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल बसों को मुखानी की ओर जाने दिया।