हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहे पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा नर्सिंग कॉलेज नवंबर के आखिरी सप्ताह तक शिफ्ट हो जाएंगे। चिकित्सा-शिक्षा निदेशक ने नर्सिंग कॉलेज को शिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
वर्ष 2016 में नर्सिंग कॉलेज की शुरूआत हुई थी। पिथौरागढ़ में नर्सिंग कॉलेज में 30 सीटें हैं। जबकि अल्मोड़ा में 40 और हल्द्वानी नर्सिंग कॉलेज में 50 सीटें हैं। पिथौरागढ़ में प्रथम और द्वितीय वर्ष को मिलाकर 60, अल्मोड़ा में 80 और हल्द्वानी नर्सिंग कॉलेज में 100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले सप्ताह हुए चिकित्सा-शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष स्याना के दौरे के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने जगह न होने की बात कही थी। डॉ. भैसोड़ा ने बताया कि 23 अक्तूबर से नर्सिंग की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं और नवंबर के प्रथम सप्ताह तक चलेगी। इसके बाद प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।
परीक्षाएं खत्म होने के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पिथौरागढ़ का नर्सिंग कॉलेज पिथौरागढ़ में और अल्मोड़ा का नर्सिंग कॉलेज अल्मोड़ा में शिफ्ट हो जाएगा।
नवंबर में शिफ्ट होगा पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा नर्सिंग कॉलेज
- अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ का नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी में चल रहा है
- पिथौरागढ़ नर्सिंग कॉलेज में 60 और अल्मोड़ा कालेज में 80 विद्यार्थी हैं