हल्द्वानी। तल्ली हल्द्वानी की पेयजल योजना को विश्व बैंक से मंजूरी मिल गई। 18.71 करोड़ से बनने वाली इस पेयजल योजना से 10 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। योजना का शासनादेश जारी हो गया है।
जलनिगम विश्वबैंक परियोजना के अधिशासी अभियंता हिमांशु वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के कुसुमखेड़ा, गौजाजाली, तल्ली हल्द्वानी और फतेहपुर पेयजल योजनाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इनमें तल्ली हल्द्वानी पेयजल योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। बताया कि योजना के तहत तल्ली हल्द्वानी में दो नलकूपों का निर्माण होगा। पहले से मौजूद नलकूप को भी इससे जोड़ा जाएगा।
क्षेत्र में 1200 किलोलीटर के टैंक के अलावा 26 किमी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। योजना पूरी करने का आधार वर्ष मार्च 2021 है। योजना के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।