हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन फार्म जमा किए गए। शनिवार अपराह्न तीन बजे तक विभिन्न कक्षाओं के लिए 9,143 छात्र-छात्राओं के आवेदन फार्म जमा हुए हैं।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. रेखा पांडे ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर में 2833, बीकॉम में 1188, बीएससी में 1675, एमए में 1531, एमएससी में 1619, एमकॉम में 297 आवेदन फार्म आए हैं। उन्होंने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय से निर्धारित सीटों की संख्या मिलने पर कक्षावार मेरिट तैयार की जाएगी। नये सत्र से काउंसलिंग सेल को सक्रिय किया जाएगा।
महिला कॉलेज : एमएससी में सीटें 90 और आवेदन 307
हल्द्वानी। राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार अपराह्न तीन बजे तक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 1205 छात्राओं के आवेदन फार्म जमा हुए। सबसे अधिक आवेदन एमएससी में प्रवेश के लिए 307 आए हैं जबकि इसमें सीटें केवल 90 हैं। बीए में सीट 640 के सापेक्ष 215 आवेदन फार्म आए हैं। इसी तरह बीएससी में सीट 420 हैं मगर आवेदन फार्म 380 ही जमा हुए हैं। बीकॉम में सीट 160 हैं। इसमें भी आवेदन 124 आए हैं जबकि बीकॉम ऑनर्स में 60 सीट पर दाखिले के लिए 73 छात्राओं ने आवेदन किया है। एमए में 40 सीटों पर 33 आवेदन, एमकॉम में 60 सीटों पर 66 छात्राओं के आवेदन फार्म आए हैं। प्राचार्य डॉ. पीके पाठक ने बताया कि इस बार छात्राओं की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले ज्यादा है।