रानीखेत (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने रानीखेत बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों ने बेतरतीब ढंग से दुकानों के बाहर तक सामान फैलाया था, इस पर एसएसपी बिफर पड़ीं। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन चल रहा है, अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। तीन दिन के भीतर सड़क से सामान हटाने के उन्होंने निर्देश दिए।
मालूम हो कि इन दिनों नगर में पर्यटन सीजन चल रहा है, लेकिन दुकानदार सड़क तक सामान फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पूर्व में कई बार पुलिस और छावनी परिषद चेतावनी तक दे चुकी है। इसके बावजूद व्यवस्था ठीक नहीं हो रही है। इधर शुक्रवार को एसएसपी पी रेणुका देवी ने पर्यटन नगरी का निरीक्षण किया तो उन्हें भी दुकानों के बाहर तक बेतरतीब ढंग से सामान फैला हुआ मिला।
एसएसपी ने दुकानदारों को तीन दिन के भीतर सामान हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन चल रहा है। अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कहा कि निर्देशों पर अमल नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए भी मातहत अधिकारियों को निर्देश दिए। बाद में उन्होंने कोतवाली का निरीक्षण किया और लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। इस दौरान कोतवाल एससी जोशी सहित तमाम पुलिस कर्मी मौजूद रहे।