हल्द्वानी। लोकसभा, विधासभा और पंचायत चुनाव में वोट देते आ रहे जीतपुर नेगी से सटे गांव के लगभग पांच सौ परिवारों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को लेकर गांव के लोगों ने डीएम से गुहार लगाई।
शनिवार को डीएम ने कैंप कार्यालय में जनसमस्याएं सुनीं। जीतपुर नेगी से सटे गांव के लोगों ने स्थायी रूप से निवास करने के बाद भी क्षेत्र के पांच सौ परिवारों को मतदान से वंचित करने की शिकायत की। डीएम को बताया कि पूर्व में जीतपुर नेगी के पूर्व सीमा की ओर लगभग 500 परिवार 60 वर्षों से स्थायी रूप से रह रहे हैं। इस बार जीतपुर नेगी गांव को नगर निगम में शामिल करने के बाद उक्त परिवारों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। डीएम से सकुलिया किशनपुर मोटाहल्दू निवासी जगदीश चंद्र मिश्रा ने बीपीएल पेयजल कनेक्शन दिलाने की मांग की। जबकि जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी रेखा देवी और फूल चंद्र ने विद्युत चोरी का मुकदमा निरस्त कराने की मांग की। गौलापार स्थित नवाड़ और पश्चिमी खेड़ा से पहुंचे अर्जुन सिंह बिष्ट, गणेश बिष्ट, जगदीश सिंह आदि के ग्रामीणों ने रोक के बाद भी खनन माफियाओं द्वारा पश्चिमी खेड़ा में रेत बजरी का काम करने पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को शीघ्र हल कराने के निर्देश दिए।