भीमताल (नैनीताल)। समाज कल्याण कार्यालय पात्र 4300 लोगों को किसान पेंशन योजना का लाभ नहीं दिला सका है। संबंधित विभाग के अधिकारी धनावंटन न होना बता रहे हैं। इससे किसानों में राज्य सरकार, समाज कल्याण विभाग के प्रति गुस्सा है।
समाज कल्याण विभाग को जिले के आठ ब्लॉकों के किसानों को पेंशन बांटनी है। इन ब्लॉकों में हल्द्वानी, भीमताल, कोटाबाग, रामनगर, धारी, ओखलकांडा, बेतालघाट, रामगढ़ शामिल हैं। वर्ष 2017-18 में शासन ने किसान पेंशन योजना के लिए विभाग को दो किश्त में 1.70 करोड़ रुपये दिए थे। विभाग ने यह राशि वर्ष 2017 के सितंबर तक पहली किस्त के दो हजार लाभार्थियों समेत, दूसरी किस्त के 2126 लाभार्थियों को बांटी जबकि तीसरी, चौथी किस्त के 4300 से अधिक किसान पेंशन से वंचित हैं। वह रोजाना विभागीय दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। धारी के किसान प्रदीप बिष्ट, पोखराड़ के किशन सिंह ने इस पर चिंता जताई है, उन्होंने समाज कल्याण विभाग, राज्य सरकार से किसानों को पेंशन देने की मांग की है। कुछ लोग फोन से भी विभागीय कार्यालयों में पूछताछ कर रहे हैं लेकिन विभाग इस मद में रुपये न होने की बात कह रहा है। इसके लिए विभाग शासन को कई पत्र भेज चुका है।
आठ ब्लॉकों के 4300 से अधिक किसानों को पेंशन नहीं मिल सकी
समाज कल्याण को एक करोड़ से अधिक राशि की आवश्यकता
वर्ष 2017-18 में शासन से मिली किसान पेंशन की राशि आधे से अधिक लाभार्थी किसानों को बांटी जा चुकी है। शेष लाभार्थियों के लिए शासन से एक करोड़ से अधिक राशि की मांग की गई है।
- आरएस सामंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी।
मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और अधिकारियों से किसानों की पेंशन, बीमा देने की मांग कई बार की जा चुकी है। बहुत जल्द एक बार फिर किसानों की मांगों के लिए सीएम से मिलूंगा।
- राम सिंह कैड़ा, विधायक, भीमताल।