हल्द्वानी। निगम कर्मचारियों की छुट्टियों के कारण निगम के वार्डों से पांच दिन से कूड़ा नहीं उठ रहा है। पार्षदों की शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारियों और मेयर ने समस्या नहीं सुलझाई। उधर इंदिरानगर में लोगों ने बैठक कर चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर अगर वार्डों में सफाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पांच दिन वार्ड का कूड़ा नहीं उठ पाया है। वार्डों में कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां चोक होने से कई जगह पानी सड़क में गंदा पानी बह रहा है। रविवार को इंदिरानगर में गंदगी को लेकर लोगों ने बैठक की। आरोप लगाया कि वार्डों से पांच दिन से कूड़ा नहीं उठाया गया है। इंदिरानगर में सड़कों में कूड़ा डाला जा रहा है। इससे लोगों का चलना दूभर हो गया है। कहा कि नालियां भी चोक हैं। इससे गंदा पानी सड़कों में बह रहा है। इससे आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि वार्डों में सफाई न होने की जानकारी मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला और नगर निगम के अधिकारियों को दी गई। उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में चेतावनी दी गई कि दो दिन में सभी वार्डों की सफाई नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में पूर्व पार्षद सकील सलमानी, वकील अहमद, असलम अंसारी, नाजमा अंसारी, मेहनाज, शकील खान आदि मौजूद रहे।
निगम कर्मचारियों की छुट्टियों ने बंटाधार किया
पार्षदों की शिकायत के बाद भी मेयर और अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की
कई जगह कूड़ा जलाया
नगर निगम के अधिकारियों ने कूड़ा उठवाने की कोई सुध नहीं ली। उधर निगम के कर्मचारियों ने कई जगह कूड़े के ढेर में आग लगा दी। इससे एक ओर वायु प्रदूषण हुआ। दूसरी ओर आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़कों में कूड़ा बिखरा रहा
हीरानगर, रामपुर रोड, बरेली रोड की सड़कों पर कूड़ा बिखरा रहा। उधर एसडीएम की ओर से कोई कार्रवाई न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र का कूड़ा गांधी स्कूल के पास डाला जाता रहा। इससे गांधी स्कूल वाली सड़क के किनारे कूड़े के ढेर लग गए।