हल्द्वानी। उत्तराखंड की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू पर किडनी निकलवाने के आरोप लगाने वाले नरेश गंगवार ने मंगलवार की सुबह कोतवाली पहुंच कर बयान दर्ज कराए। इस बीच मीडिया से हुई बातचीत में नरेश ने गिरधारी पर धोखे से किडनी निकलवाने और बात नहीं बढ़ाने के लिए बरेली में एक घर देने, बेटी की शादी करने का झांसा देने का आरोप लगाया।
बहेड़ी निवासी नरेश चंद्र गंगवार ने मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी को तहरीर सौंपी थी। गिरधारी पर श्रीलंका ले जाकर किडनी चोरी का आरोप लगाया था। इसके बाद गिरधारी पप्पू ने प्रेस वार्ता कर आरोपों को खारिज किया था। इधर पुलिस ने किडनी चोरी के मामले में जांच शुरू कर दी है। विवेचना कर रहे कोतवाल केआर पांडे ने नरेश चंद्र गंगवार के बयान दर्ज किए। इधर, मीडिया से हुई बातचीत में गंगवार ने कहा कि गिरधारी की पत्नी बैजयंती को उपचार के लिए श्रीलंका ले गए थे। वह भी उनके साथ गया था। वह और गिरधारी का बेटा धर्मेंद्र अस्पताल जाते थे। इस बीच धर्मेंद्र ने उससे मां (बैजयंती) के लिए खून देने की बात कही। इस पर वह राजी हो गया। उसने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसे बेहोशी का इंजेक्शन या दवा दे गई। जब होश आया तो वह कमजोरी महसूस कर रहा था इस पर उसने अस्पताल के एक कर्मचारी से पूछा तो बताया गया कि उसकी किडनी निकाल ली गई है। जब उसने गिरधारी के बेटे धर्मेंद्र से इस बारे में पूछा तो उसने पापा से बात करने को कहा। बाद में गिरधारी आए और कहा कि अब तो किडनी निकल चुकी है, लिखी-पढ़त से कोई फायदा नहीं होगा। नरेश के अनुसार गिरधारी ने चुप रहने के लिए बरेली में एक मकान देने, बेटी की शादी करने और खर्चा देने का झांसा दिया। इस पर वह शांत हो गया। बाद में गिरधारी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया जब खर्च की मांग की तो नौकरी से निकाल दिया। नरेश ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर गिरधारी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
कई लोगों से हो सकती है पूछताछ
हल्द्वानी। सूत्रों की मानें तो नरेश के बयान में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। अब पुलिस इस मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर सकती है।
कोट
विवेचक ने बयान दर्ज कर लिए हैं, अब पुलिस विवेचना को आगे बढ़ाएगी। इस मामले में पूरी तरह से निष्पक्ष जांच होगी।
-जन्मेजय खंडूरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल