हल्द्वानी। बूचड़खाने (स्लाटर हाउस) की दशा जल्द सुधरने की उम्मीद दिख रही है। नगर निगम ने इसके जीर्णोद्धार के लिए 7.90 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं।
सोमवार को नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ गौलापार रोड किनारे स्थित बूचड़खाने का निरीक्षण किया। लोगों ने कहा कि बूचड़खाने में पानी की व्यवस्था नहीं है। फर्श में गड्ढे होने के कारण गंदगी फेल रही है।
नगर आयुक्त ने कहा कि 7.90 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुहीन कुमार को यहां टाइल लगाने के निर्देश दिए। जलसंस्थान से पेयजल की लाइन सही कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जलसंस्थान के अधिकारी अपनी पेयजल लाइन की जांच भी कराए।
अगर यह पेयजल लाइन सही है तो इससे पेयजल आपूर्ति कराएं। अगर नहीं है तो नगर निगम जल्द यहां नलकूप लगाने का प्रयास करेगा। इस दौरान उपनगर आयुक्त नीरज जोशी, डॉ. तुहीन कुमार, विजेंद्र चौहान, अमोल सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।