हल्द्वानी शहर के काठगोदाम के गौलापार निवासी व्यक्ति के मोबाइल को हैक कर साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 85 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी एक फर्जी क्लोन एप डाउनलोड होने के बाद की गई जिसका लिंक पीड़ित को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर मिला था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़ित ने बताया कि स्नैपचैट इस्तेमाल करते समय उन्हें एक विज्ञापन दिखाई दिया। क्लिक करते ही मोबाइल में एक एप डाउनलोड हो गया। डाउनलोड होने के कुछ देर बाद मोबाइल संचालन में दिक्कतें आने लगीं। कई बार मोबाइल अपने आप स्विच ऑन-ऑफ हुआ। इस दौरान ही उनके बैंक खाते से 85 हजार रुपये निकल गए। बताया कि जब मोबाइल अपने आप ऑन हुआ तब उन्हें रुपये कटने का मैसेज मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की।
लिंक पर क्लिक करते ही खाते से निकले 38 हजार रुपये
मुखानी कोतवाली के ऊंचापुल निवासी युवक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 38 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। दर्ज मामले में पीड़ित ने बताया कि करीबी दो दिन पहले उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था। क्लिक करते ही मोबाइल हैंग करने लगा और कुछ ही देर बाद उनके खाते से 38 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत बैंक, साइबर अपराध पोर्टल और पुलिस से शिकायत की। बताया कि लिंक के जरिए मोबाइल पर संदिग्ध एप डाउनलोड होने और इसके बाद साइबर ठगी का अंदेशा है।
दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुटी है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उन्हें फ्रीज कराया गया है। सभी बैंक खातों की जानकारी बैंक से मांगी गई है। -हरबंस सिंह, एसपी सिटी