लंबे वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाले वाहनों को छह घंटे तक रोका जाएगा। पुलिस के अनुसार रविवार शाम चार बजे से रात 10 बजे तक पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा ताकि नैनीताल, भीमताल और भवाली से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को आसानी से निकाला जा सके। यातायात के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने यह व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
शनिवार को भी काठगोदाम से रानीबाग तक सुबह करीब सात बजे से वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई जगह वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। सैलानियों को नैनीताल और कैंची धाम पहुंचने में चार से पांच घंटे तक लग गए। काठगोदाम और रानीबाग के बीच जाम का असर भीमताल तक दिखाई दिया। यातायात सुचारू कराने में पुलिस और यातायात कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गाड़ियों को दर्शन कराने की जरूरत नहीं, शटल सेवा से जाएं : एसएसपी
तीन घंटे किया गया वन-वे
एसएसपी ने बताया कि शनिवार शाम से रविवार शाम तक वापस लौटने वाले पर्यटकों की भीड़ होगी। सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। इसके चलते शनिवार शाम पांच बजे से तीन घंटे के लिए पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले ट्रैफिक को रोका गया और नैनीताल-भीमताल-भवाली से आने वाले यातायात को प्राथमिकता से निकाला गया। रविवार को भी शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक के लिए हल्द्वानी-काठगोदाम (हाइडिल तिराहा, नरीमन तिराहा) काठगोदाम से नैनीताल, भीमताल व भवाली को जाने वाले वाहन छह घंटे तक रोक दिए जाएंगे। इस अवधि में ऊपर से आने वाले वाहनों को निकाला जाएगा।
वैकल्पिक मार्गों से जा सकेंगे वाहन
नैनीताल-भीमताल के लिए फतेहपुर से भेजे गए वाहन
शनिवार को हल्द्वानी से नैनीताल और भीमताल जाने वाले वाहनों को पुलिस ने वाया फतेहपुर-पटवाडांगर रूट से भेजा जिससे भीमताल-कैंचीधाम रोड पर यातायात के दबाव में कमी आई। सुबह से दोपहर बाद तक इस मार्ग पर सामान्य दिनों की अपेक्षा यातायात कम रहा, जबकि शुक्रवार को इसी मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी हुई थी।
ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए नए प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटकों से अपील है कि पुलिस व्यवस्था में सहयोग करें। पार्किंग में वाहनों को खड़ा कर शटल सेवा से ही गंतव्य को जाएं। स्थानीय लोगों से अपील है कि रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचें। -डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल