हल्द्वानी। दि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्य कुश ने कहा है कि शहरों के सुनियोजित विकास में वास्तुविदों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्थानीय स्तर पर भी आईआईए का सेंटर स्थापित किया जाएगा।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुश शुक्रवार को यहां रामपुर रोड स्थित एक मैरिज लॉन में कुमाऊं आर्किटेक्ट एसोसिएशन (केएए) की पहली वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद केएए ने एक साल की अवधि में बेहतरीन कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाई है। स्थानीय स्तर पर आईआईए का केंद्र खुलने के बाद कुमाऊं के वास्तुविदों की राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार होने वाली योजनाओं में भागीदारी सुनिश्चित होगी। आर्किटेक्ट संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में लखनऊ से पहुंचे आईआईए के यूपी उत्तराखंड चैप्टर के अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, संस्था के नेशनल काउंसिल मेंबर केके अस्थाना और टाउन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव आदि ने भी विचार व्यक्त किए। केएए के सचिव सौरभ सुमन ने बताया कि एसोसिएशन का गठन पिछले साल जनवरी में हुआ था। वर्षगांठ समारोह में केएए के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, कनिका अग्रवाल, मनीष जौहरी, सौरभ सुमन, कपिल मुद्गल, कृतार्थ भंडारी, अंकुर चौधरी आदि थे।
शहरों के सुनियोजित विकास में वास्तुविदों की भूमिका अहम : दिव्य कुश
स्थानीय स्तर पर आईआईए का केंद्र होगा स्थापित
कुमाऊं आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन की पहली वर्षगांठ में कुमाऊं भर से पहुंचे वास्तुविद