भवाली (नैनीताल)। लंबे समय से बजट की कमी झेल रहा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का बहुत जल्द सौंदर्यीकरण हो सकेगा। मुख्यमंत्री द्वारा बजट बढ़ाने की घोषणा के बाद पहली बार स्कूल को शासन द्वारा 1.95 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त पानी के प्रबंधन के लिए 10 लाख अतिरिक्त भी मिले हैं। अब सैनिक बनने का सपना आंखों में रखकर स्कूल में पढ़ रहे बच्चे और अच्छे परिवेश में पढ़ पाएंगे।
पिछले वर्ष तक सैनिक स्कूल का सालाना बजट तीन करोड़ था, जिसमें से बमुश्किल ढाई करोड़ ही शासन से मिल पाता था। जुलाई 2017 में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नवनिर्मित स्टेडियम का लोकार्पण करने स्कूल पहुंचे थे। जहां उन्होंने स्कूल को मिलने वाले तीन करोड़ सालाना बजट को पांच करोड़ करने की घोषणा की थी, लेकिन घोषणा के बावजूद पिछले वर्ष स्कूल को करीब दो करोड़ रुपये ही मिल पाए थे, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार पत्राचार, प्रयास जारी थे। इसके बाद इस वर्ष शासन से स्कूल को 1.95 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी गई। इसके अतिरिक्त पानी के प्रबंधन के लिए 10 लाख रुपये और मिले हैं।
परिसर के जीर्णशीर्ण भवनों को सुधारा जाएगा
भवाली (नैनीताल)। छात्रवृत्ति, विद्यालय का होगा सौंदर्यीकरण में स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. स्मिता मिश्रा ने बताया कि इस पैसे का उपयोग छात्रवृत्ति, जीर्णशीर्ण भवन सुधारने, नवनिर्माण में किया जाएगा। इसमें ऑडिटोरियम, हॉस्टलों, स्टाफ क्वाटर आदि भवनों के सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। पुस्तकालय का सुधारीकरण किया जाएगा। खेल सामग्री भी बढ़ेगी। भवनों में रंगाई-पुताई, विद्यालय के अन्य रुटीन खर्चों में ये पैसा लगाया जाएगा।