रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस ने एक और कोशिश की है। अभियान चलाकर पुलिस ने नगर में बेतरतीब खड़े वाहनों और ठेलियों को हटा दिया। दुकानदारों से भी अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा नहीं करने की हिदायत दी। कोतवाल नारायण सिंह ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया और पुनरावृत्ति होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। बाद में पुलिस टीम ने होटलों में भी ताबड़तोड़ छापे मारकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
मालूम हो कि पर्यटन नगरी की यातायात व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। पूर्व में भी कई बार अभियान चले, लेकिन इन अभियानों का कोई खास असर नहीं दिखा। लोग सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़ा कर देते हैं। कई कार चालक तो बीच सड़क में वाहनों का खड़ा कर खरीदारी में जुट जाते हैं, इससे जाम लग जाता हैै।
इधर अब पुलिस ने फिर से अभियान चलाया है। पहले दिन गांधी चौक से लेकर विजय चौक तक बेतरतीब खड़े वाहन हटाए गए। सड़क घेरकर खड़ी रेहड़ियों को भी वहां से हटाया उन्हें सफेद रेखा के भीतर प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई। बाद में पुलिस टीम ने नगर के होटलों में ताबड़तोड़ छापे मारे। वहां पंजीकरण रजिस्टर देखे गए। कहा कि बाहर से आने वाले हर व्यक्ति का परिचय पत्र लेना जरूरी है। यह अभियान ताड़ीखेत क्षेत्र के होटलों में भी चला, हालांकि कोई खामियां नहीं मिलीं।