हल्द्वानी। न कोई रसीद, न कोई लेखा जोखा और न किसी पर कृपा। नलकूप खंड के आपरेटर शहर और आसपास के इलाकों में गहराए पेयजल संकट का मनमाने ढंग से खूब फायदा उठा रहे हैं। निजी टैंकर चालकों से पचास रुपये लेकर पानी बेच रहे हैं। क्षेत्र में पानी बांटने जा रहे जलसंस्थान के टैंकर चालक से भी पचास रुपये मांगे गए।
अधिकारियों के मौके पर जाने के बावजूद बगैर पैसे टैंकर भरने से मना कर दिया गया। जलसंस्थान के अधिकारियों को नलकूप आपरेटर को पैसे दिए तभी उसे टैंकर भरने दिया गया। जलसंस्थान के अधिकारियों ने इसकी शिकायत नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता से की है।
जलसंस्थान के सहायक अभियंता रमाशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि पीपल पोखरा, छेटी रामड़ी, रामड़ी विसवा में पेयजल प्रभावित इलाकों में पानी बांटा जाना था। इसके लिए विभागीय टैंकर कुरिया गांव स्थित नलकूप खंड के ट्यूबवेल से पानी भरने के लिए भेजा गया। नलकूप आपरेटर ने बिना पैसे दिए विभागीय टैंकर भी नहीं भरने दिया। काफी जद्दोजहद के बाद आपरेटर को सौ रुपये दिए गए। तब उसने विभागीय टैंकर भरने दिया। उन्होंने बताया कि नलकूप आपरेटर टैंकर भरने के एवज में कोई रसीद भी नहीं दे रहा है। निजी टैंकर चालकों से मिलीभगत कर पचास-पचास रुपये में टैंकर भरा रहा है।
नलकूप खंड के आपरेटरों की मनमानी, निजी टैंकर चालकों को बेचा जा रहा पानी
जलसंस्थान के अधिकारियों ने नलकूप खंड के अधिकारी से की शिकायत