हल्द्वानी। डीएम विनोद कुमार सुमन ने कहा है कि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान कराते हुए जिले के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया जाएगा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए भी काम किया जाएगा। यह भी कहा कि समय के साथ काम की रफ्तार तेज होगी।
कार्यभार संभालने के बाद पहली बार हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन ने जो दायित्व उन्हें सौंपा है वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। शहर की यातायात, पर्यटन, आईएसबीटी, ट्रंचिंग ग्राउंड व यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी हल कराया जाएगा। एक सवाल के जवाब में डीएम ने कहा कि जिले के विकास के लिए उनके पास रोड मैप है लेकिन अभी वह इसके लिए इनपुट ले रहे हैं। जल्द ही इस रोड मैप को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण, अतिक्रमण, पेयजल संकट और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। डीएम ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर लोगों से रायशुमारी करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। वार्ता में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय और उप निदेशक सूचना योगेश मिश्रा भी मौजूद थे।
थोड़ा समय दें, व्यवस्थाएं बेहतर होंगी
हल्द्वानी। डीएम विनोद कुमार सुमन ने अधिकतर सवालों का जवाब नहीं दिया। हर सवाल पर वह यही कहते रहे कि वह अभी जिले में नए हैं। जिले को समझ रहे हैं। थोड़ा समय दें जिले की व्यवस्थाओं को बेहतर करके दिखाऊंगा।