हल्द्वानी। नगरीय क्षेत्र में सरकारी, घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं पर चार करोड़ से अधिक का अभी बकाया है जबकि ग्रामीण क्षेत्र में डेढ़ करोड़ बकाया वसूल किया जाना है। वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के कारण बिजली बिलों के भुगतान के लिए अवकाश के दिन भी काउंटर खुले रहेंगे।
नगरीय क्षेत्र में सबसे अधिक बकाया नगर निगम पर है। निगम पर अभी भी लगभग 85 लाख रुपये का बकाया है। एक करोड़ से अधिक का बकाया होने पर निगम ने महज 20 लाख रुपये का भुगतान बिजली विभाग को किया है। इसके अलावा अन्य सरकारी महकमों पर भी बकाएदारी है। अधिशासी अभियंता नगर डीके जोशी ने बताया कि सरकारी, घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं पर चार करोड़ से अधिक का बकाया है और वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अमित आनंद ने बताया कि लगभग डेढ़ करोड़ का बकाया वसूल किया जा रहा है। साथ ही अवकाश के दिन भी बिलों के भुगतान के लिए काउंटर खोले जाएंगे। पांच लाख के बकाए में 50 कनेक्शन काट दिए गए और 10 लाख का एरियर भी वसूल किया गया है।