फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘टाइगर’ के खिलाफ वाल्मीकि समाज की ‘दहाड़’

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। फिल्म अभिनेता सलमान खान टिप्पणी के विरोध में शनिवार को वाल्मीकि समाज के लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने प्रेम सिनेमाघर मेें जमकर बवाल किया। यहां पर्दा फाड़कर तोड़फोड़ कर दी। बवाल होने पर सिनेमाघर में सलमान खान की टाइगर जिंदा है फिल्म देख रहे दर्शकों में भगदड़ मच गई। पुलिस के पहुंचने पर जैसे-तैसे मामला शांत हुआ। हंगामा करने वाले वॉक वे मॉल के सिनेमाहाल तक भी पहुंच गए मगर वहां सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया।
विज्ञापन

एसडीएम कोर्ट के सामने प्रेम टाकीज में शनिवार दोपहर सलमान खान की फिल्म टाइगर जिंदा है का शो चल रहा था। इस बीच वहां वाल्मीकि समाज के करीब 40 लोग नारेबाजी करते पहुंच गए। दर्शक कुछ समझ पाते गुस्साए लोगों ने उन्होंने फिल्म का पर्दा फाड़ कर सिनेमा हाल बंद करा दिया। इसके बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हंगामे से फिल्म देख रहे दर्शक घबरा गए। वे अपना सामान सीट पर छोड़कर भागने लगे। कोतवाली पुलिस पहुंची तो सिनेमा हाल परिसर से दर्शकों को बाहर निकाला गया। सिनेमा हाल के प्रबंधक निहार अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने कहा कि स्क्रीन फाड़ने के साथ पोस्टर, बिजली के बोर्ड फर्नीचर को उपद्रवियों ने नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले वाल्मीकि समाज के लोगों ने एसडीएम कार्यालय के सामने पुतला फूंका और कार्रवाई करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हुई

सिनेमा हाल में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों को लेकर गईं थी। भगदड़ के बाद उनको बच्चों के साथ निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं का कहना था कि बवाल ने फिल्म का मजा किरकिरा कर दिया। कई लोग बाद में अपना हेलमेट और अन्य सामान लेने के लिए आए।
विज्ञापन


दूसरी स्क्रीन मंगाकर शुरू की फिल्म

सिनेमा हाल के प्रबंधक ने बताया कि उनका एक अन्य टाकीज सरगम भी है। प्रेम टाकीज की स्क्रीन फटने पर उन्होेंने सरगम की स्क्रीन को उतरवाया। पुलिस फोर्स के आने पर दूसरा शो शुरू किया गया।

करीब चार सौ लोग थे हाल में

सिनेमा हॉल के मालिक नरेश अग्रवाल ने बताया कि घटना के समय करीब साढ़े 12 बजे बुकिंग खुली थी। फिल्म शुरू होने पर 400 दर्शक मौजूद थे। इस मामले में उन्होंने वाल्मीकि समाज के अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। किसी को नामजद नहीं किया है।

दो घंटे तक नैनीताल रोड पर अफरातफरी

बवाल के कारण दोपहर 12 बजे से दो बजे तक नैनीताल रोड पर अफरातफरी का माहौल रहा। सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां सड़क पर दौड़ी तो लोग चकित दिखे। प्रदर्शनकारियों को शांत करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

वॉक वे मॉल में हुई नोकझोंक प्रदर्शन

वाल्मीकि समाज के लोग वॉक वे में भी सिनेमा हाल बंद कराने के लिए गए थे। यहां नारेबाजी के बाद प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों से जोर जबरदस्ती कर अंदर घुस गए लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने ऊपर जाने से रोक दिया। सिनेमा हाल के प्रबंधक जगदीश पंत और अतुल ने लोगों को समझाने की कोशिश की। हंगामे की सूचना मिलने के बाद काठगोदाम थानाध्यक्ष संजय जोशी, कोतवाल केआर पांडे, एसएसआई मनोहर सिंह दसौनी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर वापस भेज दिया। सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने प्रेम टाकीज और सुरक्षा का जायजा लिया।

कब क्या हुआ

12:00 - वाल्मीकि समाज के लोग नगर निगम के सामने इकट्ठा हुए।
12 :30 - उत्तेजित लोग प्रेम सिनेमा हॉल की तरफ नारेबाजी करते हुए बढ़े।
12 :35 - प्रेम सिनेमा हॉल में घुसकर हंगामा शुरू किया
12 :40 - सिनेमा हॉल में तोड़फोड़ शुरू हो गई, डर के कारण दर्शक भागने लगे
12 :50 - पुलिस सिनेमा हॉल में पहुंची। इस बीच बवाल करने वाले भाग गए
01 : 00 पुलिस ने सड़क पर खड़े लोगों को खदेड़ा
01 :10 - सिनेमा हॉल के सामने यातायात व्यवस्था दुरुस्त हुई
01: 20 - वॉक वे मॉल पहुंचे वाल्मीकि समाज के 20 लोगों ने नारेबाजी की
01 :25 - समझाने के बावजूद धक्का देकर समाज के लोग मॉल के अंदर जाने लगे
01 : 30- सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को ऊपर सिनेमा हाल में जाने से रोक दिया।
01 : 35- काठगोदाम और कोतवाली पुलिस पहुंची
01 : 50- पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों को वहां से खदेड़ा।

उपद्रवियों से पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी। अभी सिनेमा मालिक की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। - केआर पांडे, कोतवाल
थानाध्यक्षों को सिनेमाहाल के प्रति सतर्क किया गया है। इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। - अमित श्रीवास्तव एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें