रानीखेत (अल्मोड़ा)। जिला वालीबॉल एसोसिएशन की ओर से यहां आर्मी पब्लिक स्कूल में जूनियर वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालिका वर्ग में छह और व्यस्क बालक वर्ग में 11 टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
खेलों के माध्यम से भी करियर संवर सकता है, लेकिन अनुशासन और मेहनत को तरजीह देनी होगी। बालिका वर्ग में हवालबाग विकासखंड ने स्याल्दे विकासखंड की टीम को हराया। ताड़ीखेत विकासखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही। बालक वर्ग में भिकियासैंण ब्लॉक की टीम ने धौलादेवी की टीम को हराया। निर्णायक की भूमिका अजय चंद, शादाब, सोनू बिष्ट, यशपाल बिष्ट, मयंक और सुनीता टम्टा ने निभाई। संचालन एपीएस के पीटी शिक्षक सैम स्मिथ ने किया। इस अवसर पर शिक्षक विजय पांडे, नवीन वर्मा, ब्लाक क्रीड़ा समन्वयक डा. शिवराज सिंह बिष्ट आदि ने पुरस्कार बांटे।