द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। दूनागिरि मंदिर से ट्रस्ट का दखल खत्म करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन आंदोलन चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। वक्ताओं ने कहा कि जब तक मंदिर में पुरानी व्यवस्था लागू नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
मालूम हो कि दूनागिरि मंदिर में 2002 से ट्रस्ट की स्थापना हुई थी। सर्वदलीय संघर्ष समिति का कहना है कि ट्रस्ट मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर पूरी तरह से मनमानी पर उतर आया है। जब समिति ने इसका विरोध किया तो समिति के सदस्यों को ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी से पहले ही मंदिर की व्यवस्था समिति के पास थी, तब अध्यक्ष पद सदर कानूनगो के पास होता था।
मांग की कि मंदिर से ट्रस्ट का दखल पूरी तरह से खत्म होना चाहिए। रविवार को धरने पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी, जगदीश रौतेला, जीवन सिंह, महेश त्रिपाठी, किशोरी लाल शाह, हरिओम कांडपाल, आनंद बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट, राजेंद्र लाल, नारायण पंत, रवि जोशी, नीरू आर्या, हरीश चंद्र, भीम सिंह, महेंद्र मैनाली आदि बैठे। इस दौरान समर्थन देने के लिए कई लोग पहुंचे। ब्यूरो