हल्द्वानी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालकुआं में घुसकर शिक्षिकाओं से हुई अभद्रता का मामला तूल पकड़ रहा है। राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने घटना के विरोध में जूलूस निकालकर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को जिलेभर के शिक्षक -शिक्षिकाओं ने बुद्घ पार्क में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम कोर्ट तक जूलूस निकाला और एसडीएम एपी बाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ और जूनियर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों ने पहुंचकर समर्थन दिया। जिला अध्यक्ष डॉ. गोकुल सिंह मर्तोलिया ने कहा कि बुधवार को अगली रणनीति तय करने के लिए जिला कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 24 घंटे का वक्त दिया गया है। इस मौके पर जिला मंत्री जगदीश बिष्ट, पूर्व मंडलीय महामंत्री सोनू मेहता, विवेक पांडेय, हेमलता जोशी, हेमंत डुंगराकोटी, पुष्पेश सांगा, कन्नू जोशी, रेखा वर्मा, त्रिलोक बृजवासी, पूरन नयाल, डिगर सिंह पडियार, महेश बवाड़ी, संजय वर्मा आदि थे।