हल्द्वानी। शहर में गणेश महोत्सव की चहल-पहल शुरू हो गई है। वैश्य महासभा ने बाकायदा महोत्सव की अवधि और इन दिनों में किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जारी कर दी है। मौजूदा समय में शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है। पूर्व में वैश्य महासभा द्वारा की गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता था। वैश्य महासभा के अलावा अन्य संगठनों ने अभी महोत्सव की तिथि घोषित नहीं की है।
वैश्य महासभा की पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष श्रीकांत खंडेलवाल, महामंत्री रामबाबू जायसवाल और मीडिया प्रभारी नीरज प्रभात गर्ग ने 25 अगस्त से शुरू होने वाले महोत्सव पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष भी महोत्सव के दौरान सुबह आठ बजे और रात 8.30 बजे महोत्सव स्थल पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सायं पांच बजे से प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 27 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से सबसे रोचक और रोमांचक दही हांड़ी फोड़ो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सुबह सात बजे पूजा स्थल रामलीला मैदान से रन फार गणेश कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के बच्चे भागीदारी कर सकेंगे। 29 अगस्त को सब जूनियर, जूनियर वर्ग को की प्राकृतिक दृश्य और सीनियर वर्ग के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत हल्द्वानी क्लीन एवं ग्रीन चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पूर्व अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता ने बताया कि राज्य की जनता की सुख समृद्धि के लिए वैश्य महासभा 2004 से महोत्सव का आयोजन कर रही है। पत्रकार वार्ता में असीम सिंघल, राजीव अग्रवाल, बिंदेश गुप्ता, सुशील अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद, हीला लाल, रामकिशोर, निशुल अग्रवाल सुरेश केशरवानी, मंगत राम गुप्ता आदि मौजूद थे।