बीकॉम फाइनल में हल्द्वानी की हर्षिता तिवारी ने किया टॉप
नैनीताल।
कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा परिणाम घोषित करने शुरु कर दिए हैं। सोमवार को विवि के कुलपति प्रो.डीके नौडियाल ने बीकाम तृतीय वर्ष का परीक्षाफल घोषित करते हुए कहा कि विवि प्रशासन इस बात को लेकर प्रयासरत है कि 20 जुलाई से पहले सभी कक्षाओं के परीक्षाफल घोषित कर दिए जाएं। बीकॉम तृतीय वर्ष में इंदिरा प्रियदर्शनी गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज आफ कामर्स, हल्द्वानी की हर्षिता तिवारी ने सबसे अधिक अंक प्राप्त कर टॉप किया है। दूसरे स्थान पर एसएस जीना परिसर, अल्मोड़ा के लक्षित पंत और तीसरे स्थान पर हल्द्वानी की ही उदीक्षा सिंह चौधरी हैं।
कुलपति ने बताया कि बीकॉम फाइनल में कन्या महाविद्यालय हल्द्वानी की हर्षिता तिवारी ने 900 में से 663 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। जबकि अल्मोड़ा के लक्षित पंत ने 900 में से 651 अंक प्राप्त कर दूसरा और कन्या महाविद्यालय हल्द्वानी की उदीक्षा सिंह चौधरी ने 648 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। चौथे स्थान पर चन्द्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय काशीपुर की रितिका सिंह को 600 अंक मिले।
पांचवें स्थान पर लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज हल्दूचौड़ की निकिता भट्ट को 634 अंक, छठे स्थान पर रही रुद्रपुर डिग्री कॉलेज की इकजोत कौर और इसी कालेज के हिमांशु जिंदल 631-631 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से छठे स्थान पर रहे। सातवें स्थान पर पिथौरागढ़ महाविद्यालय की दीक्षा राठौर को 630, आठवें स्थान पर अल्मोड़ा परिसर की रामेरिका ओपलिगर को 629 अंक, नवें स्थान पर काशीपुर की विलू कृतिका को 627 अंक व दसवें स्थान पर रही हल्दूचौड़ की काजल कविदयाल को 624 मिले हैं।
कुलपति प्रो. नोडियाल ने कहा कि बीकाम प्रथम और द्वितीय वर्ष के परीक्षाफल भी इसी हफ्ते घोषित कर दिए जाएंगे जबकि बीएससी अंतिम वष का परीक्षाफल दस दिन के भीतर घोषित होगा। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से पहले सभी कक्षाओं के परीक्षाफल घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं का केंद्रीय मूल्यांकन किया जा रहा है।
अवार्ड लिस्ट व उत्तर पुस्तिका में अंकित नंबरों का मिलान कर उन्हें सीधे कंप्यूटर में दर्ज किया जा रहा है। इससे मार्कशीट में गलतियां कम होंगी और समय भी बचेगा। कुलपति ने बताया कि इस बार सेमेस्टर परीक्षाओं का भी केंद्रीय मूल्यांकन होगा और जरूरत पड़ने पर अल्मोड़ा परिसर को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा। इस मौके पर परीक्षा समन्वयक प्रो. भगवान सिंह बिष्ट, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. रजनीश पांडे व डा. रितेश साह आदि मौजूद थे।