घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
लालकुआं/हल्द्वानी। रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान रेल इंजन के पहिए पटरी से उतर जाने के मामले में प्रारंभिक जांच में स्थानीय रेलवे स्टेशन प्रबंधन, शंटिंग स्टाफ और लोको पायलट की लापरवाही सामने आई है। सूत्रों के अनुसार एडीआरएम वीके गुप्ता ने शंटिंग मास्टर और इंजन चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उच्च स्तरीय अधिकारियों की जांच कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।
शुक्रवार रात रेल इंजन के पहिए पटरी से उतर जाने की घटना के चलते चार घंटे तक रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली तमाम रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित हो गया था। रात करीब साढे़ दस बजे शंटिंग के दौरान इंजन का अगला पहिया पटरी से उतर गया था। चार घंटे की मशक्कत के बाद देर रात 1:16 बजे इंजन को पटरी पर लाया गया था। इसके बाद मंडल मुख्यालय ने स्थानीय स्तर पर जांच समिति गठित की थी। टीम के सदस्य सेफ्टी इंस्पेक्टर, एसएससी सिग्नल, एसएससी कैरिज और एक अन्य अधिकारी को शामिल किया गया था। शनिवार को मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मंडल मुख्यालय को भेज दी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक अपर मंडल रेल प्रबंधक वीके गुप्ता ने तत्काल प्रभाव से इंजन चला रहे ड्राइवर और शंटिंग मास्टर को निलंबित कर दिया है। इस बारेे में पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। वहीं एडीआरएम वीके गुप्ता से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
शंटिंग मैन और लोको पायलट निलंबित
लालकुआं स्टेशन पर रेल इंजन के पहिए पटरी से उतरने का मामला
प्रारंभिक जांच में स्टेशन प्रबंधन, शंटिंग स्टाफ और लोको पायलट की लापरवाही सामने आई