रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 27 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं। अब 20 अप्रैल से चार मई के बीच मूल्यांकन होगा। इसकी तैयारी के लिए 16 अप्रैल को मास्टर ट्रेनर, 18 को सीईओ की बैठक होगी।
पहले बोर्ड ने एक अप्रैल से मूल्यांकन शुरू कराने की तैयारी थी। तब 28 मार्च को मास्टर ट्रेनर, 29 मार्च को सीईओ की बैठक प्रस्तावित थी लेकिन इसी बीच लोकसभा चुनाव की घोषणा होने, उत्तराखंड में पहले चरण में मतदान होने के कारण इसमें शिक्षकों की ड्यूटी भी लग गई। इससे मूल्यांकन पिछड़ गया है। इस कारण रिजल्ट भी देरी से जारी होने की उम्मीद है। फिलहाल 11 अप्रैल को मतदान के बाद बोर्ड मूल्यांकन की तैयारी में जुट जाएगा। उत्तराखंड बोर्ड की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि 20 अप्रैल से 30 केंद्रों पर प्रस्तावित मूल्यांकन में छह हजार से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। मूल्यांकन चार मई तक पूरा होने की उम्मीद है।
20 अप्रैल से चार मई के बीच होगा मूल्यांकन
16 अप्रैल को मास्टर ट्रेनर, 18 को सीईओ की बैठक होगी