हल्द्वानी। होली की छुट्टियों के बाद खुले एमबीपीजी कॉलेज में सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के पहुंचने से खलबली मच गई। लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन ने यहां निर्वाचन कार्यालय बनाया है इसलिए छात्रों की भीड़ देख अफसर परेशान हो गए। आनन-फानन में एनाउंसमेंट कराकर कैंपस को खाली कराया गया। बाद में डीएम विनोद कुमार सुमन के आदेश पर प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट ने कॉलेज में 12 अप्रैल तक शिक्षण कार्य स्थगित रहने के आदेश जारी कर दिए।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन ने एमबीपीजी कॉलेज में अस्थायी जिला निर्वाचन कार्यालय बनाया है। पूरे परिसर में कहीं ईवीएम, वीवीपैट प्रशिक्षण तो दूसरे कक्षों में अन्य कार्य चल रहे हैं। होली की छुट्टियों के बाद 25 मार्च से कॉलेज में नियमित शिक्षण कार्य होना था। क्लासें नहीं लगने से छात्र-छात्राएं परिसर में आ गए। भीड़ देख जिला प्रशासन में खलबली मच गई। जानकारी मिलने पर डीएम विनोद कुमार सुमन ने तत्काल कैंपस को खाली कराने के आदेश दे दिए। मुख्य गेट को भी बंद करवाकर वहां पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई और छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। छात्रों के मुताबिक प्रशासन के अधिकारियों और शिक्षकों द्वारा कालेज कैंपस से छात्रों को बाहर किए जाने के दौरान एक छात्र को किसी ने धक्का मार दिया जिस पर विवाद हो गया। वहां मौजूद कालेज के शिक्षकों ने किसी तरह मामले को शांत किया। उधर, प्राचार्य ने कहा कि इस दौरान कोई भी क्लास नहीं लगेगी साथ छात्रों से जुड़ा कोई कार्य नहीं होगा। महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। शिक्षक और समस्त कार्मिक महाविद्यालय में आएंगे।
एमबी कॉलेज 12 अप्रैल तक बंद
छात्र कॉलेज में बने निर्वाचन कार्यालय में पहुंचे तो परेशान हो गए अफसर, एनाउंसमेंट कराकर खाली कराया कैंपस