हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव के लिए नैनीताल स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय शुक्रवार को एमबीपीजी कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया। निर्वाचन से जुड़े अलग-अलग कार्य दो प्रमुख ब्लाकों में संपन्न कराए जाएंगे।
कॉलेज परिसर के ब्लाक ए में स्थित वाणिज्य संकाय के प्रथम तल पर अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों के लिए कक्ष आवंटित किए गए जबकि बी ब्लाक में स्थित कला संकाय के कमरों को चुनाव से जुड़े अन्य कार्यों के लिए आवंटित किया गया। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी व सीडीओ विनीत कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह व उपजिलाधिकारी विनय नाथ शुक्ला ने कालेज परिसर में पहुंचकर निर्वाचन कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीडीओ ने बताया कि मतगणना कार्य पूरा होने तक निर्वाचन कार्यालय एमबीपीजी कालेज में ही रहेगा। इधर डीडीओ रमा गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एलएम जोशी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी समेत कई अधिकारी दिन भर नए दफ्तर को स्थापित करने की कवायद में जुटे रहे।
जिला निर्वाचन कार्यालय एमबी कॉलेज में शिफ्ट
चुनाव संबंधी सभी गतिविधियां इसी दफ्तर से होंगी संचालित
जल्द स्थापित होगा कंट्रोल रूम
हल्द्वानी। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि एमबीपीजी कॉलेज में जल्द ही एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। कंट्रोल रूम से निर्वाचन से संबंधित जानकारियां प्राप्त की जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि उक्त कंट्रोल रूम का फोन नंबर जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
मीडिया प्रमाणन समिति के सीडीओ होंगे नोडल अधिकारी
हल्द्वानी। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रमाणन एवं अनुश्रवण समिति गठित कर दी है। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी व सीडीओ विनीत कुमार को इसका नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उक्त समिति में उप निदेशक सूचना योगेश मिश्रा को प्रभारी अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी अनीता आर्या, जिला बचत अधिकारी अभिलेष शुक्ला, राज्य कर निरीक्षक हिमेंद्र सिंह रौतेला व आकाशवाणी प्रतिनिधि बिजेंद्र सिंह परिहार को सदस्य बनाया गया है। समिति का कार्यालय एमबीपीजी कालेज के कक्ष संख्या पांच में स्थापित किया गया है।