हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव में स्थानीय और केंद्रीय खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गई है। एजेंसियां इस तथ्य का पता लगा रही है कि चुनाव की आड़ में कोई शरारती बवाल खड़ा करने के लिए कोई मुद्दा न उठा सके। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
एलआईयू के साथ आईबी की टीम नैनीताल जिले के हल्द्वानी और रामनगर कुछ लोगों द्वारा संचालित सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। एलआईयू की टीमें बनभूलपुरा में चुनावी माहौल का पता लगाने के लिए भ्रमण कर रही है। इसी प्रकार रामनगर में कुछ लोगों पर नजर रखी जा रही है। रामनगर में पहले भी सोशल मीडिया के चलते बवाल हो चुके हैं। चुनाव में कुछ लोग धार्मिक या अन्य संवेदनशील मुद्दे उठा सकते हैं। खुफिया से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि नैनीताल जिले के लोग उधमसिंहनगर के शरारती तत्वों से भी प्रभावित हो सकते हैं। इस कारण सोशल मीडिया के लिंक पर भी निगरानी जारी है।
चुनाव में खुफिया एजेंसी सक्रिय
सोशल मीडिया पर न डालें आपत्तिजनक पोस्ट
हल्द्वानी। जिला पुलिस ने लोगों को आगाह किया गया है कि सोशल मीडिया (व्हाट्सएप,फेसबुक, ट्विटर, यू ट्यूब) पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड न करें। आपत्तिजनक पोस्ट पर टिप्पणी करना भी अपराध की श्रेणी में आ सकता है। इस प्रकार की पोस्ट डालने या प्रतिक्रिया व्यक्त करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। आम जनता सही जानकारी के अभाव में कोई गलती न करें।
चुनाव के लिए तीन कंपनी एसएसबी आई
हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव के लिए एसएसबी की तीन कंपनियां नैनीताल जिले में आ गई हैं। शनिवार से कंपनियां पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग और फ्लैग मार्च करेगी। अभी पुलिस और अर्धसैनिक बल की कंपनियां भी उपलब्ध करायी जाएंगी।
एसएसपी सुनील कुमार मीणा की मांग पर चुनाव कराने के लिए पुलिस मुख्यालय ने तीन कंपनी एसएसबी (केंद्रीय सीमा सुरक्षा बल) उपलब्ध कराया है। शुक्रवार को तीनों कंपनियां हल्द्वानी आ गई है। एक कंपनी रानीबाग और दूसरी लालकुंआ और तीसरी कंपनी को रामनगर में ठहराया गया है। शनिवार से जिला पुलिस टांडा बैरियर, तीन पानी और चोरगलिया क्षेत्र में चेकिंग तेज करेगी। पुुलिस के साथ तीन शिफ्ट में एसएसबी के जवान भी वाहन चेकिंग और तलाशी में तैनात किए जाएंगे। इसके बाद पुलिस बूथों से लेकर सभी संवेदनशील इलाकों में एसएसबी के साथ फ्लैग मार्च करेगी।