हल्द्वानी। नाले के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग की ओर से खोदे जा रहे गड्ढे में गिरकर बरेली के युवक की मौत पर परिजनों ने मुखानी थाने में विभाग के खिलाफ तहरीर सौंपी है। उनका आरोप है कि सिंचाई विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ है।
किला (बरेली) निवासी राम सिंह का 35 वर्षीय बेटा अशोक कुमार शादी बारातों में खाना बनाने का काम करता था। परिजनों के अनुसार सोमवार को वह गौलापार के एक ठेकेदार से पांच हजार रुपये लेने आया था। रुपये लेने के बाद वह गोरापड़ाव में दोस्त सूरज कश्यप के पास गया। देर रात टेंपो से गोरापड़ाव से हल्द्वानी पहुंचा।
यहां वह कालाढूंगी रोड स्थित कपिलाज कांपलेक्स के पास गली नंबर छह में एक परिचित के यहां जा रहा था। इस बीच वह नाले के लिए बने गड्ढे में गिर गया। नशे में गिरने की वजह से नहीं उठ पाया और उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पिता राम, भाई पंकज कश्यप भी परिजनों के साथ हल्द्वानी पहुंच गए। मुखानी थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि अशोक के भाई ने सिंचाई विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता तरुण बंसल ने कहा कि विभाग की कोई लापरवाही नहीं है, गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग लगी थी। चेतावनी बोर्ड भी लगा था, अब तो पुलिस की भी ड्यूटी लगा दी गई है।
मौत मामले की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू
हल्द्वानी। डीएम के निर्देश के बाद नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार उपाध्याय ने कालाढूंगी रोड स्थित एक गड्ढे में गिरकर हुई मौत मामले की जांच शुरू कर दी है। पंकज उपाध्याय ने बताया कि यदि इस मामले में किसी व्यक्ति को कुछ कहना हो अथवा लिखित साक्ष्य देने हों तो वह 11 जुलाई तक उनके कार्यालय में दे सकता है।
सिंचाई विभाग की लापरवाही से मरा था अशोक
भाई ने मुखानी थाने में विभाग के खिलाफ सौंपी तहरीर