हल्द्वानी। सुभाषनगर क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान महिलाएं बुधवार को जलसंस्थान जा पहुंची। उन्होंने सहायक अभियंता से जवाब मांगा। कहा कि यदि उनके इलाके में पानी संकट दूर नहीं हुआ तो चक्का जाम किया जाएगा।
महिलाओं के अनुसार एक महीने से पानी नहीं आ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। सुभाषनगर क्षेत्र में नई पेयजल लाइन भी बिछाई जा रही है। पेयजल समस्या का समाधान करने की बात कहने पर उनसे आठ-आठ हजार रुपये जमा करने को कहा जा रहा है जबकि उनके पास पहले से ही कनेक्शन हैं। इस मौके पर हंसी, सिमरन, दीपा भट्ट, मंजू गुणवंत, पिंकी अग्रवाल, सुनीता पाल आदि महिलाएं थीं। इधर, रामपुर रोड गली नंबर नौ स्थित वन निगम डिपो परिसर, जीतपुर नेगी, पीपल पोखरा नंबर एक, घूनी नंबर एक, हरिपुर नायक, छड़ायल नयाबाद के नलकूपों की मोटरें फुंकी हैं। इन नलकूपों की मरम्मत नहीं होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं।
सुभाषनगर क्षेत्र में विभाग द्वारा कुछ समय पहले नई लाइन बिछाई गई थी। तब सभी उपभोक्ताओं से नई लाइन से कनेक्शन जोड़ने को कहा गया था लेकिन कई लोगों ने उस समय नई लाइन से कनेक्शन शिफ्ट कराने के इनकार कर दिया। वर्तमान में जलनिगम द्वारा सुभाषनगर क्षेत्र में नई पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। लाइन निर्माण के चलते संभवतया कुछ दिक्कतें आई हों। क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
- आरपी डोबवाल, सहायक अभियंता जलसंस्थान।
रामनगर में छह गांवों में टैंकरों से बांटा जा रहा है पानी
पानी की मोटर फूंकने से छह गांवों में पांच दिनों से पानी नहीं आ रहा। इस कारण पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। मोटर ठीक न कराने से ग्रामीणों में आक्रोश है। विभाग टैंकरों से ग्रामीणों के लिए पानी की व्यवस्था कर रहा है। 19 जनवरी शुक्रवार से नंदपुर गांव, चिल्किया, जगदंबा कॉलानी, लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, शिव कॉलोनी, नया गांव आदि गांवों में पानी नहीं आ रहा है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को टैंकराें की मदद से पानी पहुंचाया जा रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता पीके त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार से पानी की व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी।