हल्द्वानी। हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में हुई प्रतियोगिता में बास्केटबाल के फाइनल में हल्द्वानी-देहरादून मेडिकल कॉलेज भिड़ेंगे। शुक्रवार को टेबल-टेनिस प्रतियोगिता का फाइनल राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने जीता।
शुक्रवार को तीसरे दिन अंतरमहाविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन महिला युगल मैच के सेमीफाइनल में निकिता देउपा एवं रक्षिता राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने शिवानी एवं शिवांगी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को सीधे सेटों में 15-09, 15-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर मिक्स डबल बैडमिंटन में निकिता देउपा एवं हिमांशु राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने मोहम्मद आदिल एवं रिचा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को 15-8, 15-9 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष डबल में हिमांशु एवं राहुल राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने मोहम्मद आदिल एवं आकाश को 17-15, 17-15 से हराया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं पीजी कॉलेज ऋषिकेश ने अपना स्थान बना लिया। बास्केटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून के बीच खेला जाएगा। फुटबाल प्रतियोगिता में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बीच खेला जाएगा। टेबल-टेनिस प्रतियोगिता का फाइनल राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने जीता। शनिवार को प्रतियोगिता के समापन अवसर हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सौदान सिंह छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देंगे।