हल्द्वानी। निगम क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकने और थूकने पर बुधवार से जुर्माना देना होगा। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने इसके लिए अधिकारियों को नामित करते हुए उन्हें जुर्माना काटने के अधिकार दे दिए हैं।
नगर निगम हल्द्वानी में बुधवार से कूड़ा फेंकना और थूकना प्रतिषेध अधिनियम लागू हो जाएगा। इसके तहत डीएम ने नगर आयुक्त हल्द्वानी, उपनगर आयुक्त हल्द्वानी, सहायक नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सफाई निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, चौकी इंचार्ज काठगोदाम, चौकी इंचार्ज भोटिया पड़ाव, चौकी इंचार्ज मंडी और चौकी इंचार्ज ट्रांसपोर्ट नगर को जुर्माना काटने के अधिकार दे दिए हैं। यह अधिकारी खुले में कूड़ा फेंकने और थूकने वालों पर जुर्माना करेंगे। उपनगर आयुक्त नीरज जोशी ने बताया कि इसके साथ ही हर महीने जुर्माना किए जाने वाले लोगों की सूची और प्रगति रिपोर्ट नगर निगम को देंगे। बुधवार से सभी अधिकारी इस पर कार्रवाई शुरू कर देंगे।