हल्द्वानी। बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का सोमवार को एक और उदाहरण सामने आया। डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं और बेस अस्पताल में एलाइजा की जांच करने को आई मशीन खराब पड़ी है। बेस अस्पताल में भर्ती एक मरीज में डेंगू की पुष्टि करने के लिए एलाइजा जांच को सैंपल मंगलवार को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा जाएगा।
कुमाऊं से सबसे अधिक मरीज सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल और सुशीला तिवारी अस्पताल में आते हैं। बेस अस्पताल में छह महीने से एलाइजा मशीन खराब पड़ी है। एलाइजा मशीन की खरीद स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से हुई थी। मशीन की मरम्मत का जिम्मा भी स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय का है। सीएमएस डॉ. एसबी ओली ने बताया कि मशीन खराब होने की सूचनी दी गई थी। मशीन के वार्षिक रखरखाव करार (एएमसी) संबंधी कागज आ गए हैं। जल्द ही मशीन की मरम्मत हो जाएगी।
डेंगू के तीन मरीज मिले
मौसम के बदलते मिजाज के साथ ही डेंगू ने दस्तक दे दी है। डेंगू के तीन मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बेस अस्पताल में लालडांठ निवासी कमला बिष्ट (48) को भर्ती कराया गया है। जबकि आदर्श नगर निवासी कविता (32) और जवाहर नगर निवासी आमिर खान (17) को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों मरीजों की कार्ट जांच पॉजिटिव आई है। तीनों मरीजों के एलाइजा की जांच होगी।