हल्द्वानी। हल्द्वानी काठगोदाम स्थानीय विकास प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को जज फार्म में निर्माणाधीन मकान के अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। प्राधिकरण ने सड़क के हिस्से पर कब्जा कर बनाए जा रहे भवन निर्माण पर भी अगले आदेशों तक रोक लगा दी है।
विकास प्राधिकरण के सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि जज फार्म में केवला नंद भट्ट द्वारा कराए जा रहे भवन निर्माण में सड़क को दबाकर उस पर भी अवैध निर्माण कराने की शिकायतें मिली थीं। क्षेत्रवासियों की शिकायतों पर विकास प्राधिकरण के जेई को मौके पर भेज कर जांच कराई गई तो शिकायतें सही पाई गईं, इस पर सोमवार को अवैध निर्माण ध्वस्त कराने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि भवन का मानचित्र स्वीकृत कराने में आठ मीटर सड़क दर्शायी गई थी लेकिन जांच करने पर सामने आया कि दो मीटर सड़क को दबाकर अवैध निर्माण कराया गया है। सड़क पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने के बाद निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। सचिव ने बताया कि निर्माणाधीन भवन के कुछ हिस्से की भूमि को लेकर भी विवाद है इसलिए तहसील प्रशासन को जमीन की जांच करने के संबंध में चिठ्ठी भेजी गई है। भवन स्वामी को नोटिस भी जारी किया गया है।