हल्द्वानी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची बनाने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। मतदाता सूची में हर पात्र मतदाताओं का नाम दर्ज हो।
नगर निगम सभागार में हुई बैठक में सुमन ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मतदाता सूची तैयार करने के लिए संगणक डोर-टू-डोर पहुंचकर पहली जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्रों का विवरण तैयार करें। प्रत्येक परिवार का डेटा तैयार करते समय संलग्नक चार की एक प्रति संबंधित परिवार के मुखिया को अवश्य उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि भौगोलिक सीमा एवं परिसीमन के अनुसार ही ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची तैयार की जाएं।
एसडीएम और बीडीओ से आपसी तालमेल से काम करने और संगणकों के कार्यों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने ग्रामसभा की खुली बैठकें कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ग्रामीणों को देने, संभावित प्रत्याशियों एवं गणमान्य लोगों से इस विषय पर चर्चा कर जानकारी लेने के निर्देश दिए। बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंचस्थानी केएस टोलिया, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विजय नाथ शुक्ल, अनिल चन्याल, गौरव चटवाल, विवेक रॉय, विनोद कुमार, हर गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, एडीपीआरओ दिनेश चंद्र जोशी आदि थे।
भौगोलिक सीमा और परिसीमन के आधार पर तैयार हो मतदाता सूची
डीएम ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की
दो मतदाता सूची में नाम होना दंडनीय अपराध
जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन के मुताबिक कोई भी पात्र व्यक्ति नियमानुसार अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति का नाम दो या दो से अधिक मतदाता सूची में दर्ज है तो वह दंडनीय अपराध है। ऐसे मतदाताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।
479 पंचायतें और 3789 वार्ड
बैठक में मौजूद जिला पंचायतीराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि परिसीमन के बाद जिले में 479 ग्राम पंचायतें, 3789 ग्राम पंचायत वार्ड, 266 क्षेत्र पंचायत वार्ड तथा 27 जिला पंचायत वार्ड हो गए हैं।
ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यक्रम आज
हल्द्वानी। खंड विकास अधिकारी एचएस मेहता के मुताबिक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर 20 अप्रैल को सुबह 10 बजे से ब्लॉक सभागार में सभी संगणकों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का एक दिनी प्रशिक्षण होगा।