हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने कुमाऊं विश्वविद्यालय की 15 अप्रैल से प्रस्तावित प्राइवेट परीक्षाएं कराने में हाथ खड़े कर दिए हैं। कॉलेज प्रशासन ने महाविद्यालय का लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए अधिग्रहण होने की वजह दर्शाते हुए कुमाऊं विवि को शनिवार को पत्र भेज दिया है।
कुमाऊं विवि द्वारा 15 अप्रैल से स्नातक एवं परास्नातक की प्राइवेट परीक्षाएं कराने की बात कही गई है। इसको लेकर विवि की ओर से एमबीपीजी कॉलेज को पत्र भेजा गया है। प्राइवेट परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या 1800 से अधिक बताई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए एमबीपीजी कॉलेज का अधिग्रहण कर यहां जिला निर्वाचन कार्यालय स्थापित कर दिया गया है। महाविद्यालय परिसर में निर्वाचन कार्य ही चल रहा है। 12 अप्रैल तक महाविद्यालय में छात्रों की छुट्टी कर शिक्षण कार्य तक बंद कर दिया गया है। ऐसे में प्राइवेट परीक्षाओं को लेकर कॉलेज प्रशासन असमंजस में था। शनिवार को कॉलेज का अधिग्रहण होने का हवाला देते हुए प्राइवेट परीक्षाएं कराने में असमर्थता जताई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट ने परीक्षा प्रभारी डॉ. नवीन भगत के साथ बैठक के बाद विवि को पत्र भेज दिया। प्राचार्य ने बताया कि निर्वाचन कार्य संचालित होने के कारण परीक्षाएं होना मुश्किल है।
एमबीपीजी कॉलेज ने 15 अप्रैल से प्राइवेट परीक्षाएं कराने में हाथ खड़े किए
महाविद्यालय में अस्थायी जिला निर्वाचन कार्यालय बनने की बताई वजह