हल्द्वानी। पीलीकोठी में नाला निर्माण के चलते एकतरफा यातायात से लंबा जाम लग रहा है। सोमवार को भी दिनभर पीलीकोठी में वाहन रेंगते रहे। स्कूली वाहन भी घंटे भर से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। इससे यात्रियों और स्कूली बच्चों को खासी परेशानी हुई।
सिंचाई विभाग पीलीकोठी के पास नाले का निर्माण करा रहा है। नाला निर्माण के तहत सड़क की खुदाई कर उसमें पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप बिछाया गया है। निर्माण की वजह से एकतरफा यातायात किया गया है। सड़क संकरी होने से रोजाना यहां लंबा जाम लग रहा है।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता डीडी सती ने बताया कि नाले का निर्माण कराने में और समय लगना है। अभी सड़क के दूसरी तरफ भी ह्यूम पाइप डालकर पानी की निकाली नाले में की जानी है। नाले की दीवारें भी अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि नाला निर्माण में पेयजल, बिजली लाइनों और टेलीफोन की केबिल बाधक बन रही है। निर्माण के दौरान इन्हें हटाने में अधिक समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण पूरा करने में अभी दो महीने का समय और लग सकता है।