पिथौरागढ़ में टायरों के अभाव में खड़ी रोडवेज की बसें
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने सांसद यात्रा की बलि चढ़ाए गए परिचालकों की बहाली की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर रोडवेज बसों के पहिये जाम करने की चेतावनी दी है।
बस अड्डे स्थित कार्यालय पर बुधवार को यूनियन की बैठक हुई। इसमें प्रांतीय अध्यक्ष कमल पपनै ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक, सांसद कोटे के टिकट मामले में परिचालकों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। आरोप लगाया कि यदि प्रतिदिन प्रत्येक डिपो स्तर पर समीक्षा की होती तो यह मामला इतना गंभीर नहीं होता। उन्होंने कहा कि जांच किए बिना ही परिचालकों को दोषी ठहरा दंड देना उचित नहीं है। कहा कि जब सांसद, वरिष्ठ नागरिक का टिकट काटा गया तो उसका रुपया निगम के खाते में गया है न कि परिचालकों की जेब में। प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि इस प्रकरण को कोर्ट ले जाया गया है। इस पर जल्द फैसला आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा परिचालक परिवहन निगम की रीढ़ है, अगर इन पर आंच आई तो बसों के पहिये जाम किए जाएंगे। इस बाबत यूनियन की बैठक बृहस्पतिवार को सायं पांच बजे नैनीताल में होगी। जहां आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में बर्खास्त संविदा परिचालकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान केपी सिंह, जमील खां, मुकेश वर्मा, रामअवध यादव, केके यादव, इकबाल अहमद, अख्तर चौधरी, सुनील जोशी, कोमल बिष्ट, सतीश लाल, नवीन लोहनी, पवन राणा, धीरज फर्त्याल, रमेश राणा, पुष्कर नेगी, मुख्त्यार अहमद आदि थे।