हल्द्वानी। स्थानीय रोडवेज डिपो के अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को भी न तो पानी के टैंक में ढक्कन लग सका और न ही शौचालय साफ हुए। इधर डिपो प्रभारी ने पानी ही गंदा आने और सफाई कर्मचारी न मिल पाने का कारण बताते हुए दूसरे दिन भी टैंक और शौचालय की सफाई नहीं कराई।
हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन यात्रियों को सुविधा देने के नाम पर ठेंगा दिखा रहा है। मंगलवार को भी यात्रियों ने गंदा पानी पीकर ही गुजारा किया। प्रबंधन ने न तो पानी की टैंक साफ कराया न टैंक में ढक्कन लगाया। शौचालय की ओर तो निगम प्रबंधन ने देखा ही नहीं। मंगलवार को जब हल्द्वानी रोडवेज प्रभारी आरएस कापड़ी से बात की गई तो उनका कहना था कि दो माह पहले पानी का टैंक साफ कराया गया था। पानी गंदा आने के कारण दोबारा टैंक में गंदगी आ गई। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी को बुलाया गया है लेकिन सफाई कर्मचारी न आने के कारण टैंक साफ नहीं कराया जा सका।