रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्थानीय पीजी कालेज के छात्र संघ पदाधिकारियों और छात्र नेताओं ने स्नातकोत्तर और स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए नियमों में शिथिलता बरतने की मांग की है। कहा कि स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 45 फीसदी अंक निर्धारित किए गए हैं, लेकिन कम अंक वाले छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित हैं। कुलपति को ज्ञापन भेजकर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
कुमाऊं विवि के कुलपति को भेजे ज्ञापन में छात्र नेताओं का कहना है कि स्थानीय पीजी कालेज में स्नात्कोत्तर प्रथम सेमेस्टर में अधिकांश सीटें रिक्त हैं। प्रवेश नियमों के अंतर्गत निर्धारित योग्यता धारण नहीं कर पाने वाले अधिकांश संस्थागत छात्र-छात्राएं प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं। कहा कि प्रवेश के लिए 45 फीसदी अंक निर्धारित हैं। छात्र नेताओं ने अंकों की अनिवार्यता में शिथिलता बरतने की मांग की है। साथ ही स्नातक स्तर पर भी निर्धारित 40 फीसदी अंकों में भी शिथिलता प्रदान करने को कहा गया है। कहा कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन भेजने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष हेमंत अधिकारी, पूर्व सचिव हिमांशु प्रसाद, पूर्व कोषाध्यक्ष अर्पित नेगी, प्रतीक नेगी, निखिलेश बिष्ट, गौरव जोशी, खजान कांडपाल, विजय जीना, लोकेश चौधरी आदि शामिल हैं।