भीमताल(नैनीताल)। शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को भीमताल में सीईओ कार्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 52 शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्यों को सीडीओ अनामिका और मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जयसवाल ने सम्मानित किया। साथ ही स्वीप के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 ब्लॉक समन्वयकों का स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर मनोबल बढ़ाया।
सीडीओ अनामिका ने कहा कि शिक्षक लोकतंत्र के प्रहरी और राष्ट्र निर्माता हैं। शिक्षकों के बदौलत ही छात्र-छात्राओं का भविष्य संवारता है। सीईओ गोविंद जयसवाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाना चाहिए ताकि अन्य शिक्षकों का भी मनोबल बढ़ सके। डीईओ माध्यमिक पुष्कर लाल टम्टा ने भी शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। वहां प्रारंभिक डीईओ हर्ष बहादुर चंद, डायट प्राचार्य सुरेश चंद्र आर्य, बीईओ, डिप्टी बीईओ आदि मौजूद रहे।