हल्द्वानी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने पहले से ही चुनाव ड्यूटी कर रहीं एक महिला अधिकारी को ड्यूटी ज्वाइन नहीं करने के मामले में स्पष्टीकरण नोटिस थमा दिया। मामला संज्ञान में आने पर सीडीओ ने महिला अधिकारी की दो जगह लगाई गई चुनाव ड्यूटी में से एक ड्यूटी हटा दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहर) डॉ. रेनू मर्तोलिया की चुनाव ड्यूटी पूर्व में ही लालकुआं के एआरओ विजय नाथ शुक्ला के साथ लगी थी। दो दिन पहले अपर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सीडीओ विनीत कुमार ने डॉ. मर्तोलिया की ड्यूटी दो अन्य अधिकारियों के साथ सिंगल विंडो सिस्टम में लगाते हुए इस प्रकोष्ठ में भी योगदान देने के निर्देश जारी किए। चूंकि डॉ. मर्तोलिया पहले से ही एआरओ लालकुआं के साथ चुनाव ड्यूटी में थी, लिहाजा वह सिंगल विंडो सिस्टम में लगाई गई ड्यूटी में उपस्थित नहीं हो सकी। इस पर सीडीओ विनीत कुमार ने डॉ. मर्तोलिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
उप निदेशक सूचना योगेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को डॉ. मर्तोलिया ने दो स्थानों पर चुनाव ड्यूटी लगने की जानकारी सीडीओ को दी। इस पर अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार ने डॉ. मर्तोलिया को सिंगल विंडो सिस्टम में लगाई गई ड्यूटी से मुक्त कर निर्देश दिए कि वह एआरओ लालकुआं के साथ लगाई गई चुनावी ड्यूटी में ही काम करें।
चुनाव ड्यूटी कर रहीं अधिकारी को थमाया स्पष्टीकरण नोटिस
मामला संज्ञान में आया तो सीडीओ ने एक जगह से हटाई ड्यूटी