हल्द्वानी/भवाली। यूथ कांग्रेस के विभिन्न पदों के लिए मंगलवार को कालाढूंगी और नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के वोटररों ने मतदान किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव और विधानसभा कमेटी के चुनाव हो रहे हैं।
मंगलवार को कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से शिखर गार्डन में 765 और नैनीताल विधानसभा के लिए पंत सदन रेहड़ में 345 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। हरियाणा से आए जिला चुनाव अधिकारी मान सिंह राठौर और उनकी चार सदस्यीय टीम के समन्वय में पांच पदों के लिए कुल 635 वोटरों में से 345 वोट पड़े। इस दौरान यूथ कांग्रेस के लोकसभा महासचिव सूरज पांडे, सचिन नेगी, पंकज बिष्ट, कन्नू बिष्ट, नीरज अधिकारी मौजूद रहे। भीमताल विधानसभा क्षेत्र का चुनाव बुधवार को एक बारात घर में सुबह आठ बजे से होगा।
कई ने किया है नामांकन
हल्द्वानी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए गुरुप्रीत सिंह, विक्रम रावत, सुष्मिता पंत, नीलू कनौजिया, सुमित्तर भुल्लर, तब्सुम, पंकज भारती, सलमा बेगम ने नामांकन किया है। जबकि प्रदेश महासचिव के पद पर 50 ने नामांकन किया है। नैनीताल जिलाध्यक्ष पद के लिए नितेश बिष्ट, अखिल तिवारी, शिवराज बिष्ट, गजेंद्र गोनिया और दीप गुणवंत ने नामांकन किया है। नैनीताल से जिला महासचिव के लिए 17 नामांकन हुए हैं। प्रदेश में 201 विधानसभा कमेटी और 162 जिला कमेटी के लिए चुनाव हो रहे हैं।