रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत विकासखंड के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सौनी में आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में अभिभावकों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि उच्चीकरण के दो साल बाद भी विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई है। जिसके चलते छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर जुलाई प्रथम सप्ताह से आंदोलन की चेतावनी दी गई।
प्रबंधन समिति की बैठक में वक्ताओं ने सरकार पर सरकारी विद्यालयों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि विद्यालयों का उच्चीकरण कर दिया गया, लेकिन अब वहां पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं हैं, जिस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पूर्व में भी कई बार सक्षम अधिकारियों से गुहार लगा दी गई है, लेकिन फिर भी मांग पूरी नहीं हो रही है।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मदन तिवारी ने कहा कि एकल शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा है, इन हालातों में कैसे बच्चों का भविष्य संवरेगा। बैठक में तय हुआ कि यदि शीघ्र मांग पूरी नहीं होती तो जुलाई पहले सप्ताह से आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में मोड़ी के जिला पंचायत सदस्य अमित कुमार पांडे, तारा दत्त पपनै, कीर्ति बल्लभ, दीपा देवी, लक्ष्मी देवी सहित तमाम लोग मौजूद थे।