हल्द्वानी। एनसीइआरटी पुस्तकें लागू न करने पर शिक्षा विभाग ने दो पब्लिक स्कूलों को नोटिस जारी किया है। इनमें हल्द्वानी का एक नामचीन स्कूल और एक भीमताल का स्कूल शामिल है। विभाग ने यह कार्रवाई अभिभावकों की शिकायत पर की है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि बुधवार को हल्द्वानी में चल रहे बड़े ग्रुप के नामचीन पब्लिक स्कूल के अभिभावकों की शिकायत मिली थी कि एनसीइआरटी पुस्तकों के स्थान पर स्कूल निजी प्रकाशकों की ही किताबें खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं। इस पर शिक्षा विभाग की ओर से नामचीन स्कूल के प्रधानाचार्य को नोटिस जारी कर दिया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल को नोटिस मिलते ही उनकी हेकड़ी निकल गई और तुरंत शिक्षा अधिकारी को फोन कर अपनी गलती स्वीकारी और एनसीइआरटी पुस्तकें लागू करने की बात कही। इसी तरह भीमताल के पब्लिक स्कूल ने एनसीइआरटी पुस्तकों के साथ कोर्स में निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें भी लगा दीं।
उन्होंने बताया कि अभिभावकों की शिकायत पर विभाग ने स्कूल को नोटिस जारी कर इस संबंध में जवाब मांगा है, स्कूल की ओर से संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर शासन को सीबीएसई मान्यता निरस्त कराने के लिए लिखा जाएगा।